शनिवार, 7 सितंबर 2013

माया में ही उलझकर, गुरू हुआ घंटाल

गिरा-गिरा फिर से गिरा, रुपया गिरा धड़ाम।
गिर-गिरकर होने लगा, ससुरा आसाराम।

कौन करेगा पाप का, इस धरती से अंत।
जब बेटी की लाज को, लूटे बूढ़ा संत।।

प्रवचन में कहता रहा, माया को जंजाल।
माया में ही उलझकर, गुरू हुआ घंटाल।।

अर्थशास्त्री कर रहे, रुपये से दुष्कृत्य।
साधु बुढ़ापे में करे, बिना वस्त्र के नृत्य।।

बतलाओ गोविंद तुम, गुरु की कुछ पहचान।
ज़्यादा बड़ा मकान है, या फिर बड़ी दुकान।।

कल तक था नेपथ्य में, आज मंच पर शोर।
चोर सभी कहने लगे, इसको-उसको चोर।।

करें सिपाही किस तरह, उसकी तेज़ तलाश।
सिंहासन पर शान से, बैठा जब बदमाश।।

कई कंस दिल्ली जमे, कई जमे भोपाल।
सबका मर्दन साथ में, कैसे हो गोपाल।।

जो जनता की भूख का, करते हैं आखेट।
संसद में बिल पेशकर, कहा-भरेंगे पेट।।

लंका जिसने जीत ली, दिया दशानन मार।
आज अयोध्या देखकर, गया स्वयं से हार।।

हुई अयोध्या फिर गरम, फिर से प्रकटे 'राम'।
करने लगा चुनाव फिर, वही पुराने काम।।

जख्म नए फिर से मिले, भरे न पिछले घाव।
दंगा, कर्फ्यू, गोलियां, लेकर चला चुनाव।।

दंगा- दंगा फिर शहर, पागल है तलवार।
गोली-कर्फ्यू झेलकर, सिसकी भरता प्यार।।

शब्द भले धोखा करें, वाणी बने न मित्र।
किन्तु गवाही समय की, हरदम देंगे चित्र।।

वह सीमा के पार से, करता हमें शहीद।
हम दिल्ली से चीख़कर, देते हैं ताकीद।।

-ओम द्विवेदी

शुक्रवार, 19 जुलाई 2013

थाली को भी चाहिए, शासन से अनुदान

रोटी बनकर खा गया, बेहतर कल को काल।
बड़ी भूख है कर रही, छोटी भूख हलाल।

प्रजा पुरानी कर रही, राजा को बदनाम।
उसे बदलकर मिलेगा, कुरसी पर आराम।

एक साथ दोनों गिरे, रुपया और चरित्र।
एक-दूसरे से हुए, दोनों खूब पवित्र।

छाछ बताता स्वयं को, कभी-कभी श्रीखंड।
बड़े मंच पर बड़ों का, दिखता है पाखंड।।

देख सियासी मनचले, लोकतंत्र हैरान।
जनता थाती दे किसे, जब सारे हैवान।

अब राजा के साथ है, जो थी कल तक रंक।
देख रसोई डर रही, सब्ज़ी का आतंक।

सब्ज़ी करने लग गई, सोने का सम्मान।
थाली को भी चाहिए, शासन से अनुदान।।

संसद से बढ़कर यहाँ, उसके पहरेदार।
सिंहासन पर बैठकर, करें नए व्यभिचार।

नई उमर को नया ही, पढ़ा रहे हैं पाठ।
जो जी-जी करते हुए, पार कर गए साठ।

किसका सुमिरन अब करूं, किसकी करूं तलाश।
कैसे जाऊं उस गली, जहां अनगिनत लाश।

दिल्ली-संसद में हुआ, गुपचुप कुछ अनुबंध।
टूट गया है गाँव से, बिलकुल ही संबंध।

जाने कैसा कर रहे, वैद्यराज उपचार।
उनकी सेहत बन रही, मैं क्रमशः बीमार।


-ओम द्विवेदी

बुधवार, 26 जून 2013

मावस ने अगवा किया, सूरज का परिवार

ताकतवर सरकार थी, चौकस पहरेदार।
मावस ने अगवा किया, सूरज का परिवार।।

मान रहे थे तुम्हे जो, सच में पालनहार।
लाशें उनकी बिछी हैं, आज तुम्हारे द्वार।।

लड़ता है संसार से, जो जीवनभर युद्ध।
अंत समय में वही फिर, बन जाता है बुद्ध।।

भले तोप गरजे कहीं, चले कहीं बंदूक।
अमराई में बैठकर, कोयल गाती कूक।।

सुख पर दावा सभी का, क्या घर क्या संसार।
नहीं मिला है आज तक, दुःख का हिस्सेदार।।

पहले अपने हाथ से, काटें अपने पैर।
फिर दुनिया से यह कहें, ख़ुदा न करता ख़ैर।।

ज़हर नदी में घोलकर, सागर को दी आह।
उसने बादल भेजकर, पल में किया तबाह।।

बादल चुकता कर रहे, इस धरती का क़र्ज़।
लेन-देन यह युगों का, हर पत्ते पर दर्ज़।।

बादल फिर गिरने लगे, फिर से रोया गाँव।
सड़ी-गली दीवार पर, खपरैले की छाँव।।

भोले-भले पिताजी, माफ़ करें अब आप।
बड़ी सफलता के लिए, बड़ा चाहिए बाप।।

कोई खाई की तरह, कोई दिखे पहाड़।
घिघियाता अक्सर मिला, जिसके पास दहाड़।।

-ओम द्विवेदी 

सोमवार, 24 जून 2013

इंदौर की अर्ज़ी : सांसें लौटा दो मेरे 'नाथ'

देश के तमाम शहरों की तरह मैं भी एक सांस लेता शहर इंदौर हूं...दूर देवभूमि में पहाड़ों पर अटके हुए हैं मेरे लाल, मेरे आंसू पलकों की कंदराओं में फंसे हुए हैं। उन्हें याद करके बादलों की तरह बार-बार फटती है मेरी छाती। कोई फोन बजता है तो पल भर के लिए निचुड़ जाता है शरीर से रक्त। लगता है गर्म पिघले शीशे की तरह कान में गिर न जाए अनहोनी से लथपथ कोई ख़बर। पहली बारिश लेकर अपने आसमान में आए मेघ जो कभी छंद की तरह लगते थे, आज नज़र आते हैं काल की मानिंद। लगता है ये यहीं बरस जाएं जो बरसना है, हिमालय की तरफ न करें अपना रुख़। मेरे जिगर के जो टुकड़े मेरे पास आने की जद्दोजहद कर रहे हैं, उन पर फिर बिजली बनकर न गिर पड़ें ये काले-काले काल। जिन लोगों को ज़िंदगी पाने के लिए मैने बाबा केदारनाथ के चरणों में भेजा था, उनकी मौत का हिसाब करना नहीं चाहता। जो जीवन देते हैं, उनसे लाशें लेना नहीं चाहता। जिनको भक्ति और आस्था का संस्कार दिया है, उनका अंतिम संस्कार करना नहीं चाहता।
भूगोल की जंज़ीरों से अगर जकड़े नहीं होते मेरे पैर तो अब तक मैं पहाड़ों से बिन लेता छूटे और छिटके हुए बेटों को, गोदी में उठाकर भर देता उनके जख्म। गंगा, यमुना और अलकनंदा में जाल डालकर छान लेता सैलाब में बही सांसों को। राजवाड़ा को कांधे पर रख पहुंच जाता 'नाथ के दरवाज़े पर और उसे स्थापित कर देता बही हुई धर्मशालाओं की जगह। छावनी मंडी को पीठ पर लादकर ले जाता और भर देता भूख का पेट। अगर नक्शे से चिपके होने का अभिशाप नहीं मिला होता तो छाती से चिपका लेता दर्द के मारों को, पी लेता उनके आंसू।
बाबा! मैं तुम्हारे धाम की तरह भले हज़ारों साल पुराना नहीं हूं, लेकिन मेरे सिरहाने विराजे हैं दो-दो ज्योतिर्लिंग। उनकी परिक्रमा करवाता हूं मैं भी। देश-दुनिया से आए अतिथियों की बलि लेने की अनुमति न मैं बादलों को देता और न हवाओं को। हमारे महाकाल मुर्दे की राख लेते हैं, ज़िंदा को मुर्दा नहीं करते। ओंकार पर्वत पर बैठे ओंकारेश्वर डांटते रहते हैं नर्मदा को कि वह घाट पर नहाते भक्तों को अपने आगोश में न ले। पिघलने वाले पहाड़ पर बैठकर भी आपका दिल नहीं पिघला। आप बैठै रहे और आपके चाहने वाले बहते रहे। आपके जयकारे लगाते-लगाते वे शून्य में खो गए। मेरे आंगन में देवी अहिल्या ने शिव भक्ति की जो ज्योति जलाई थी, वह तूफानों में घिर गई है। बचाओ उसकी लाज।
मेरे भी सीने में धड़कता है दिल। मैं भी सुबह सूरज को न्योता देता हूं रोशनी के लिए और शाम को देहरी पर रख देता हूं उम्मीद का दीया। अगर आपको सुनाई देती है आंसुओं की प्रार्थना तो सही सलामत लौटाओ मेरी संतानों को। अगर चाहते हो कि हमारी आस्थाओं की उम्र लंबी हो तो किसी को अनाथ मत करो मेरे 'नाथ....सबको सुरक्षित लौटाओ मेरे धाम, जिससे दोबारा भेज सकूं चारोधाम।
-ओम द्विवेदी
(२४ जून को नईदुनिया में प्रकाशित टिप्पणी)

शनिवार, 15 जून 2013

दोहे : घर तक आती नौकरी, दफ्तर तक घर रोज़

ऊँची कुर्सी पर यहाँ, दिखते छोटे लोग।
ऊँचे-ऊँचे काम का, करते रहते ढोंग।।

छोटी-छोटी कुर्सियां, देती हैं बलिदान।
तब ऊँची को जगत में, मिलता है सम्मान।।

एक साल के बाद फिर, मालिक हुआ प्रसन्न।
बड़े शान से बांटता, चुटकी भरकर अन्न।।

मालिक चक्की की तरह, दाना है मज़दूर।
स्वाद बढ़ाने के लिए, पीसे है भरपूर।।

हाथी घूमे शहर में, वन में मोटर-कार।
दिखता दोनों ओर है, जमकर हाहाकार।।

पति अपने इस राष्ट्र के, आये थे इंदौर।
दंपति सारे शहर के, ढूढ रहे थे ठौर।।

लपक-गरजकर आ गई, मेघों की बारात।
घर के बाहर देखिए, हैं कैसे हालात।।

तेज़ तपिश के बाद अब, बूंदों का त्यौहार।
पेड़ मांगने लग गए, बादल से अधिकार।।

घर तक आती नौकरी. दफ्तर तक घर रोज़। 
एक - दूसरे में करें, दोनों अपनी खोज।।

पानी बरसे रातभर, दिन में बरसे आग।
धरती छेड़े किस तरह, अपना जीवन राग।।

शब्द-शब्द तलवार है, शब्द-शब्द बाज़ार।
कैसे- कैसे रूप में, सजता है अखबार।।

क्रिकेट जिसे हम मानते, नए समय का धर्म।
साथ उसी के हो रहा, सामूहिक दुष्कर्म।।

नदी हमारे गाँव की, जब तक पानीदार।
जीवन के जनतंत्र में, साँसों की सरकार।।

धुआं अगर देने लगा, इस जीवन को स्वाद।
फिर काया का राख में, होना है अनुवाद।।

कुदरत की चौपाल पर, जीवन का सत्संग।
जन्मे जिस भी कोख से, बचपन मस्त मलंग।।

यहाँ ज़िंदगी हर क़दम, खोले नए किवाड़।
देख जड़ों की जिजीविषा, टूटे कई पहाड़।

सूरज देखो कर रहा, कैसा नंगा नाच।
घर के भीतर आ रही, भट्टी जैसी आंच।।

सबका अपना रास्ता, सबकी अपनी रेल।
प्लेटफार्म पर ही करो, थोड़ा-थोड़ा मेल।।


-ओम द्विवेदी 

रविवार, 12 मई 2013

मां ने रखा सहेजकर, सबको बिलकुल पास


भाड़े-बर्तन कर रहे, आपस में तकरार।
मां रहती है देखकर, अक्सर ही बीमार।।

कभी गली में झांकती, कभी रही है खांस।
बेटा घर से दूर है, मां की अटकी सांस।।

भाई दिखलाने लगे, जबसे अपनी पीठ।
एक-एककर हो गए, दुश्मन सारे ढीठ।।

मां ने रखा सहेजकर, सबको बिलकुल पास।
दो शब्दों को जिस तरह, जोड़े रखे समास।।

एक कोख के ख़ून में, घुले अगर तकरार।
नागफनी बनने लगे, आंगन की दीवार।।

मौला ने आदम दिया, आदम ने संसार।
मां ने मौला को दिया, एक बोसे में प्यार।।

बेटे ने जब-जब किया, छाती से संवाद।
मां तब-तब करती मिली, ममता का अनुवाद।।

दिखें भिखारी देवता, रंक दिखे सरकार।
जब माथे को चूमकर, माता बांटे प्यार।।

आंचल अंबर के सदृश, हृदय धरा का रूप।
सागर जैसा प्यार है, लोरी ठंड की धूप।।

सूरज चढ़े मुडेर पर, गरमी हो उद्दंड।
बनी बरफ की डली मां, घुल-घुल बांटे ठंड।।

जब बेटों को कष्ट दे, जग की कोई चीज़।
मां धागे में बांधती, ममता का ताबीज़।।

मां देहरी पर बैठकर, उमर रही है काट।
लड़कर बेटों ने किया, जबसे हिस्सा-बांट।।


  • ओम द्विवेदी 

ताना मारे ज़िंदगी से.... 

शनिवार, 23 मार्च 2013

माफ़ करना भगतसिंह


मैं भी उठा सकता हूँ बम
लेकिन साहस नहीं है कलेजे में
मैं भी बोल सकता हूँ इन्कलाब जिंदाबाद
लेकिन कांप जाती है ज़बान

नौजवानी मेरे पास भी है

लेकिन उसके सपने में है केवल नौकरी और छोकरी
आज़ाद नहीं है मेरा भी देश
लेकिन आजादी की इच्छा मर गई है मेरे भीतर

मुझे भी वतन के लिए बुलाता है फांसी का फंदा
लेकिन रह-रहकर आता है बीवी और बच्चों का ख्याल
मै कैसे कहूँ भगतसिंह
कि मैं तुम्हारी तरह जीना चाहता हूँ
रात के ख़िलाफ़
एक दीया बनना चाहता हूँ

कैसे कहूँ तुमसे कि नहीं लड़ पा रहा हूँ
भीतर बैठे एक नपुंसक से
दीमकों से नहीं बचा पा रहा हूँ अपनी आत्मा को

मुझे माफ़ करना भगतसिंह
मैं नहीं रख पाया तुम्हारे बलिदान की लाज.

-ओम द्विवेदी

वीडियो देखने का पता
  

गुरुवार, 7 मार्च 2013

आइए बधाइयाँ दें उसे



पहले उसके साथ बलात्कार करो
फिर उसे कहो निर्भया और बहादुर
पहले उसे दासी बनाओ
फिर कहो देवी
पहले कुचलो उसके सपनों को
फिर बताओ सपनों से सुन्दर
तीन सौ चौंसठ दिन जिसे मनुष्य कहने में
कांपती रही हमारी जीभ
आइए बधाइयाँ दें उसे।
  • ओम द्विवेदी  

पहले उसके साथ बलात्कार करो 
फिर उसे कहो निर्भया और बहादुर 
पहले उसे दासी बनाओ 
फिर कहो देवी 
पहले कुचलो उसके सपनों को 
फिर बताओ सपनों से सुन्दर 
तीन सौ चौंसठ दिन जिसे मनुष्य कहने में
 कांपती रही हमारी जीभ 
आइए बधाइयाँ दें उसे।

सोमवार, 28 जनवरी 2013

तेरी मीनार तेरा गुम्बद देख लिया

तेरी मीनार तेरा गुम्बद  देख लिया। 
तेरी पूजा, अज़ान, सबद देख लिया। 

उठा के एड़ी न ऊंचाई का अहसास करा 
तेरी बातों से तेरा कद  देख लिया।

तेरी ताक़त का बहुत शोर था लेकिन,
तुझे भीड़ में तन्हा अदद  देख लिया।

तेरा बाज़ार जिस दुनिया को गांव कहता है,
वहां देहरी-देहरी पे सरहद  देख लिया।

जिसे मिलती है मुफ़लिस की बद्दुआ हरदम,
वो कुर्सी, वो ऊंचा पद  देख लिया।

  • ओम द्विवेदी 
(ताना मारे ज़िंदगी से )

मंगलवार, 23 अक्टूबर 2012

तू अपनी बात के पीछे, ये सर जाने से डरता है

ये जो काम करना है, वो कर जाने से डरता है।
तू अपनी बात के पीछे, ये सर जाने से डरता है।

सड़क के बीच ट्रैफिक में फंसा कमज़ोर एक बूढ़ा
इधर आने से डरता है, उधर जाने से डरता है।

तू कांटा है तो तेरा फ़र्ज़ है गुलशन की रखवाली
अगर तू फूल है तो क्यों बिखर जाने से डरता है।

बदन के घाव दिखलाकर जो अपने पेट भरता है
सुना है वो भिखारी ज़ख़्म भर जाने से डरता है।

मै शिक्षक हूँ मुझे मालूम है तुम भी समझ लेना
जो बच्चा घर से भागा है, वो घर जाने से डरता है।

तवायफ़ के बुढ़ापे सी है तेरी ज़िन्दगी बैजू
मरने के लिए तैयार बैठा है, मर जाने से डरता है।


  •  बैजू कानूनगो 


(बैजू मेरे प्रिय कवि हैं। उनका कोई कविता संग्रह अभी तक नहीं आया है। शायद किसी प्रकाशक का दिल-गुर्दा इतना मज़बूत नहीं कि उन्हें छापे। वे लोगों के दिलों में राज करते हैं। ग्वालियर से अगर तानसेन ने हिंदुस्तान को संगीत दिया है तो बैजू ने कविताई दी है।)