गुरुवार, 29 मार्च 2012

अशक्तों की महाशक्ति

कुदरत ने उन्हें भले अशक्त बनाया हो, लेकिन उन्होंने अपने आपको इतना सशक्त बनाया है कि उनकी ऊर्जा के समक्ष बिजली भी नतमस्तक हो जाए। वे अपने अधूरे शरीर को इस कदर पूरा करते हैं कि पूरा शरीर भी अपने को आधा मानने लगे। वे जब नृत्य की आराधना करते हैं तो प्रकृति की दुत्कारी काया वेद बनने लगती है, आत्मशक्ति ऋचाएं और पहियों वाली लोहे की गाड़ी रहल। उनकी हस्त मुद्राओं के साथ पहिए भी दु्रत-विलंबित करते हैं, बैसाखियां ताल से ताल मिलाती हैं। मंच अपने कंधे पर तो दर्शक उन्हें अपनी पलकों पर बैठाकर दुलारते हैं। सैयद सलाउद्दीन पाशा अगर उन्हें गढ़कर धन्य हुए तो नृत्य कला उन्हें पाकर।

विश्व रंगमंच दिवस की शाम दर्शकों ने पहली बार शरीर को नहीं हौसलों को थिरकते देखा। दो घंटे में दस कलाकारों ने अपने रियाज, समर्पण और जीवट से मंच पर ऐसा चमत्कार किया कि 'असंभव' शब्द की रूह कांप गई, भगवान नटराज की आंखों से खुशी के आंसू बह निकले, बिना पैरों वाले पहाड़ पर चढ़ने को तैयार गए, वाणी विहीन गाने को व्याकुल हो गए, वधिर अनहद नाद सुनने लगे तो नेत्रहीनों के समक्ष सातों रंग इतराने लगे। ख्वाजा ने इनका सूफी कलाम सुना तो महर्षि पातंजलि ने बिना पांव के पद्मासन, शीर्षासन, मयूरासन और वृश्चिकासन की मुद्राएं देखीं। कलाकारों ने जब व्हील चेयर को रथ, बैसाखी को सुदर्शन चक्र और अपने बाजुओं को पैर बनाया तो योगीराज कृष्ण 'महाभारत' के साथ मंच पर उतर आए। मणिपुरी मार्शल आर्ट में पहियों पर हैरतअंगेज तलवारबाजी हुई। तलवार से निकली चिंगारियों ने कलाकारों के श्रम, अभ्यास और प्रतिभा पर हस्ताक्षर किए। पसीने ने जितनी बार उनके माथे को चूमा, उतनी बार उनका ललाट दमका।

जैसे संगीतकार से उसके वाद्ययंत्र बतियाते हैं, व्हील चेयर उनसे बतियाती मिली...जैसे चित्रकार के साथ रंग हंसते हैं, व्हील चेयर उनके साथ खिलखिलाती मिली...जैसे कवि को शब्द और भाव रह-रहकर छेड़ते हैं, व्हील चेयर उन्हें छेड़ती मिली। वह कभी उनका पांव बनी, कभी पोषाक बनी, कभी हथियार बनी, कभी श्रृंगार बनी, कभी हमसफर बनी तो कभी ममतामई मां। मस्ती में झूमते हुए जब कभी वे गिर गए तो तत्काल उठाकर सीने से लगा लिया, जब कभी भटक गए तो पिता की तरह उंगली थाम ली। बेजान पहियों में ऐसी जान दिखी कि पांव वालों को भी एकबारगी बेपांव होने का मन करने लगा। लाचारी का चिन्ह बनी व्हील चेयर ताकत और सामर्थ्य की प्रतीक बनी।

खंडित देहों को अखंड करने का काम जिन सैयद सलाउद्दीन पाशा ने किया वे चुल्लू से समंदर से पीने का हौसला रखते हैं। जिन्हें जमाना हिकारत की नजर से देखता है, उन कोयलों को तपाकर 'कोहीनूर' में तब्दील कर देना किसी ऐरे-गैरे जौहरी का काम नहीं। उन्हें खुदी को खुदा बनाने का हुनर आता है। पार्श्व में प्रकाश और संगीत की बागडोर थामकर, उन्होंने मंच पर जिस दुनिया की रचना की वह किसी स्वप्नलोक-सी थी। खासकर कार्यक्रम के अथ में सूफी संगीत की प्रस्तुति के दौरान दूधिया, नीली और लाल रोशनी से जो चित्रकारी उन्होंने की, उससे सच में लगा कि आत्मा का परमात्मा से संवाद हो रहा है। अंधेरे को चीरते रंगीन रोशनियों के गुच्छे जब कलाकारों के चेहरे पर गिरते थे तो केवल चरित्र जीवंत होता था, बल्कि दर्शकों का दिल भी बाग-बाग होकर दुआएं बरसाता था। वर्षों बाद भी अभय प्रशाल इस बात की गवाही देगा कि दिल्ली के 'एबिलिटी अनलिमिटेड फांउडेशन' के कलाकारों ने इंदौर के कलाप्रेमियों की प्यास को गंगाजल प्रदान किया था।

-ओम द्विवेदी

कोई टिप्पणी नहीं: